Maharajganj

राष्ट्रीय खेल दिवस पर महराजगंज में खिलाड़ियों और शिक्षकों का सम्मान

 

 

कलेक्ट्रेट सभागार में इंडिपेंडेंट स्कूल्स’ अलायन्स ने किया भव्य समारोह, डीएम संतोष शर्मा रहे मुख्य अतिथि

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इंडिपेंडेंट स्कूल्स’ अलायन्स की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में खिलाड़ियों और पीटीआई शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का जरिया बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों और शिक्षकों की मेहनत को सराहते हुए कहा कि शिक्षा और खेल का संतुलन जीवन को नई दिशा देता है। विशिष्ट अतिथि युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह और जिला सूचना अधिकारी व संगठन के संरक्षक सी. जे. थॉमस ने भी अपने विचार रखे। थॉमस ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जिनसे अनुशासन और टीम भावना विकसित होती है। महासचिव जीवेश मिश्रा ने संगठन की ओर से खेलों को शिक्षा के साथ समान महत्व देने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों—सांची अग्रवाल, शिवांगी चौहान, अजय भारती, अफ़ज़ल अली, जुबेर अहमद, प्रतिभा शर्मा, अंश शर्मा, रंजीत निषाद, सुनैना प्रजापति सहित 25 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही पीटीआई शिक्षकों—संत कुमार वर्मा, अतुल मणि त्रिपाठी, गुफरान, फराज अहमद, अजीत कुमार राय, रिज़वान अहमद फैज़ी समेत 17 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव जीवेश मिश्रा ने किया। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष दशरथ गुप्ता, उपाध्यक्ष सर्वेश मिश्रा, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर अभिषेक विश्वकर्मा सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का माहौल उत्साह और खेल भावना से सराबोर रहा।

 

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल